Sarangarh News : सेवा भारती ने सारंगढ़ में फुटपाथ पर रहने वाले जरूरतमंदों को कराया भोजन वितरण, मानव सेवा का दिया संदेश

संक्षेप

सेवा भारती का सेवा अभियान, जरूरतमंदों को भोजन

Sarangarh News : सेवा भारती ने सारंगढ़ में फुटपाथ पर रहने वाले जरूरतमंदों को कराया भोजन वितरण, मानव सेवा का दिया संदेश

विस्तृत खबरें

न्यूज रुटीन @ सारंगढ़-बिलाईगढ़। सेवा भारती द्वारा मानव सेवा की भावना को साकार करते हुए फुटपाथ पर रहने वाले बेसहारा एवं जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन का वितरण किया गया। इस सेवा कार्य में समाजसेवी सतीश यादव एवं सेवा भारती के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। संस्था समय-समय पर ऐसे लोगों तक पहुंचकर भोजन एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराती है, जिससे उन्हें कठिन परिस्थितियों में राहत मिल सके। सेवा भारती के कार्यकर्ताओं ने बताया कि संस्था किसी भी सेवा अभियान से पहले यह आकलन करती है कि किस क्षेत्र में किस प्रकार की सहायता की सबसे अधिक आवश्यकता है। इसके बाद उसी के अनुरूप जरूरतमंदों के बीच सामग्री का वितरण किया जाता है। सर्दियों में गर्म कपड़े एवं कंबलों का वितरण किया जाता है, जबकि अन्य मौसम में जरूरत के अनुसार खाद्य सामग्री, वस्त्र एवं दैनिक उपयोग की अन्य वस्तुएं उपलब्ध कराई जाती हैं। संस्था के सदस्य नियमित रूप से अस्पतालों के बाहर, रेलवे स्टेशन तथा फुटपाथों पर रहने वाले असहाय एवं निराश्रित लोगों तक पहुंचकर भोजन वितरण का कार्य भी करते हैं। उनका प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति भूखा न सोए और उसे समय पर आवश्यक सहायता मिल सके। सेवा भारती का उद्देश्य निस्वार्थ भाव से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना है। संस्था "नर सेवा ही नारायण सेवा" के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए मानवता की सेवा को अपना सर्वोच्च धर्म मानती है तथा समाज के सहयोग से लगातार ऐसे सेवा कार्यों का संचालन कर रही है ।