Ambikapur News : अंबिकापुर गांधी चौक हादसा: ओवरटेक के दौरान ट्रक की चपेट में आई महिला, हालत गंभीर

संक्षेप

ओवरटेक के दौरान ट्रक की चपेट में महिला

Ambikapur News : अंबिकापुर गांधी चौक हादसा: ओवरटेक के दौरान ट्रक की चपेट में आई महिला, हालत गंभीर

विस्तृत खबरें

न्यूज रूटीन @ अंबिकापुर। शहर के व्यस्त गांधी चौक में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ओवरटेक के प्रयास में हुई इस दुर्घटना में बाइक पर पीछे बैठी महिला ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में महिला का एक हाथ लगभग शरीर से अलग हो गया। गंभीर हालत में उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों एवं प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सिग्नल खुलने के बाद नमनाकला की ओर जा रहे ट्रक को एक बाइक चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक असंतुलित हो गई और पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर पड़ी। देखते ही देखते महिला ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गई।

बताया जा रहा है कि ट्रक चालक ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल ब्रेक लगा दिए, लेकिन तब तक महिला का एक हाथ पहिए के नीचे आ चुका था, जिससे वह लगभग कटकर अलग हो गया। वहीं महिला के बाएं सीने में भी गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह ओवरटेक के दौरान बरती गई लापरवाही मानी जा रही है।