Sarangarh News : बरमकेलाः सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने ग्राम पंचायतों का किया निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

संक्षेप

बरमकेला की पंचायतों में सीईओ का औचक निरीक्षण

Sarangarh News : बरमकेलाः सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने ग्राम पंचायतों का किया निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

विस्तृत खबरें

न्यूज रूटीन @ सारंगढ । जिला पंचायत के नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ऋषिकेश तिवारी ने जनपद पंचायत बरमकेला की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर विकास योजनाओं एवं निर्माणाधीन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान ग्राम पंचायत बार में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) का निरीक्षण किया गया। सीईओ ने कार्य की गति बढ़ाते हुए इसे 15 अगस्त 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

ग्राम पंचायत जामपाली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में निरीक्षण के दौरान बच्चों की सुविधाओं को देखते हुए बेबी टॉयलेट के निर्माण के निर्देश दिए। वहीं ग्राम पंचायत पंचधार में कपटी साड़ी (हथकरघा) निर्माण से जुड़ी महिला समूहों के कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने महिला स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक महिलाओं को बुनकरी का प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा उत्पादन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

ग्राम पंचायत भीखमपुरा की सपेरा बस्ती में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवास कॉलोनी का निरीक्षण करते हुए सीईओ ने तीन माह के भीतर सभी आवासों का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही बिजली, पेयजल और शौचालय जैसी आधारभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने पर भी बल दिया।

इसके पश्चात ग्राम पंचायत सुखापाली में 'बिहान' समूह की महिलाओं द्वारा 25 एकड़ क्षेत्र में की जा रही अमरूद एवं खीरा की खेती का अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं की मेहनत की सराहना करते हुए उद्यानिकी गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान विकासखंड एवं पंचायत स्तर के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इनमें एपीईओ, एसडीओ, डीईओ, पीईओ, एडीईओ (आरईएस), ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, सब-इंजीनियर, तकनीकी सहायक, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव तथा रोजगार सहायक शामिल थे।