न्यूज रुटीन @ बालोद। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई 2026 को अमृत भारत स्टेशन योजना (ABSS) के तहत देशभर के 19 राज्यों में पुनर्विकसित 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। यह कार्यक्रम विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
योजना के तहत रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, सुलभ एवं यात्री-अनुकूल स्वरूप प्रदान किया गया है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास और कनेक्टिविटी को भी नई गति मिलेगी।
बालोद जिले के लिए यह गर्व का विषय है कि छत्तीसगढ़ के चयनित तीन अमृत भारत स्टेशनों में बालोद रेलवे स्टेशन को भी शामिल किया गया है। देशभर के 75 पुनर्विकसित स्टेशनों की सूची में स्थान मिलने से जिलेवासियों में उत्साह का माहौल है। 17 जुलाई का दिन बालोद के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज होगा।
पुनर्विकसित स्टेशन में यात्रियों को आधुनिक स्टेशन भवन, दिव्यांगजनों के लिए सुगम सुविधाएं, बेहतर डिजिटल सेवाएं, स्वच्छ एवं हरित वातावरण, बहु-मॉडल कनेक्टिविटी तथा अन्य आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इन सुविधाओं से यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।
बालोद रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकास जिले के नागरिकों के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों तथा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।