Kawardha News : कवर्धा में उपचार के बहाने मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से दुष्कर्म, आयुर्वेदिक डॉक्टर गिरफ्तार

संक्षेप

इलाज के बहाने दुष्कर्म, आयुर्वेदिक डॉक्टर गिरफ्तार

Kawardha News : कवर्धा में उपचार के बहाने मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से दुष्कर्म, आयुर्वेदिक डॉक्टर गिरफ्तार

विस्तृत खबरें

न्यूज रूटीन @ कवर्धा। मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती के साथ उपचार के दौरान दुष्कर्म किए जाने के आरोप में लोहारा पुलिस ने एक आयुर्वेदिक चिकित्सक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। महिला संबंधी गंभीर अपराध में कबीरधाम पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी संजय ध्रुव के पर्यवेक्षण में थाना लोहारा पुलिस ने मामले की त्वरित जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को पीड़िता के परिजनों ने थाना लोहारा में शिकायत दर्ज कराई थी कि बिडोरा निवासी आयुर्वेदिक चिकित्सक बालक दास चंदेल ने इलाज के बहाने उनकी मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने अपराध दर्ज कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई प्रारंभ की।

जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 15 जुलाई 2026 को आरोपी बालक दास चंदेल (35 वर्ष), निवासी ढोढमानवापारा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष मिश्रा, महिला थाना प्रभारी शालिनी वर्मा, उप निरीक्षक राजेश्वर सिंह ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक संदीप चौबे, प्रधान आरक्षक बलदाऊ भट्ट तथा आरक्षक रवि जायसवाल, तुषांत साहू और बिसेन छेदावी की सक्रिय भूमिका रही।

कबीरधाम पुलिस ने कहा है कि महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर सख्त कार्रवाई की नीति आगे भी जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।