न्यूज रूटीन @ सारंगढ़-बिलाईगढ़। ग्राम पंचायत बालपुर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय एक बार फिर विवादों के केंद्र में है। विद्यालय के प्राचार्य पर प्रशासनिक, शैक्षणिक और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर को विस्तृत शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जिला स्तरीय जांच कराने की मांग की गई है।
शिकायत में दावा किया गया है कि विद्यालय के प्राचार्य नियमित रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं कर रहे हैं। आरोप है कि दो पालियों में संचालित होने वाले विद्यालय में उनकी उपस्थिति अनियमित रहती है। इसके अलावा अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों से निर्धारित नियमों से अधिक शुल्क वसूलने, शिक्षकों की उपस्थिति पंजी में कथित हेरफेर करने, बिना आवेदन आकस्मिक अवकाश (सीएल) एवं ऑन ड्यूटी (ओडी) दर्ज करने तथा अनुपस्थित शिक्षकों को भी उपस्थित दर्शाने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
शिकायतकर्ता ने मार्च से जुलाई 2026 तक की उपस्थिति पंजी, अवकाश अभिलेख, सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य प्रशासनिक दस्तावेजों की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कई अवसरों पर विद्यालय में शिक्षकों की वास्तविक उपस्थिति और अभिलेखों में दर्ज उपस्थिति में अंतर पाया गया।
शिकायत केवल उपस्थिति तक सीमित नहीं है। आवेदन में विद्यालय से कंप्यूटर सेट गायब होने, बिना सक्षम अनुमति के कबाड़ सामग्री की बिक्री, जनगणना ड्यूटी से संबंधित अभिलेखों में कथित त्रुटियों तथा विद्यालय में हुए विभिन्न विवादों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही शिक्षकों की लंबी अनुपस्थिति, परीक्षा ड्यूटी और अवकाश से जुड़े रिकॉर्ड की सत्यता की भी जांच कराने का अनुरोध किया गया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि पूर्व में भी संबंधित मामलों की शिकायतें की गई थीं, लेकिन निष्पक्ष जांच नहीं होने के कारण वास्तविक स्थिति सामने नहीं आ सकी। इस बार जिला स्तर पर स्वतंत्र जांच समिति गठित कर जिला शिक्षा अधिकारी, लेखा, कोषालय तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों से सभी अभिलेखों की गहन जांच कराए जाने और आरोप सिद्ध होने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
हालांकि, इन सभी आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले में जिला प्रशासन की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।