न्यूज रूटीन @ सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिले के बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सुतीउरकुली और रानीगढ़ के बीच जंगल में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शव पेड़ पर सड़ी-गली अवस्था में लटका हुआ मिला। घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ग्राम गोंदली निवासी सम्मे सिंह सिदार (उम्र करीब 50 वर्ष) के रूप में हुई है।
ग्रामीणों ने सबसे पहले शव को देखा और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही बिलाईगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पेड़ से नीचे उतारा और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या इसमें किसी तरह की साजिश शामिल है। अंतिम स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही सामने आएगी।