Saranag bilaigarh : नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव, भटगांव में विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

संक्षेप

भटगांव में विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव, भटगांव में विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

विस्तृत खबरें

न्यूज रुटीन @ भटगांव। मेरा युवा भारत के तत्वावधान में नशामुक्त युवा विषय पर ब्लॉक स्तरीय आस-पड़ोस युवा संसद (Neighbourhood Youth Parliament) का आयोजन शासकीय आईटीआई भटगांव में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की बुराइयों से दूर रहने के लिए जागरूक करना, उन्हें सशक्त एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना तथा विकसित भारत @2047 के संकल्प में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।



कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर बिर्रा महाविद्यालय से प्रोफेसर अनंत एवं प्रोफेसर कमल किशोर जांगड़े, भटगांव अस्पताल से डॉक्टर तरुण एवं टंडन सर, विशिष्ट अतिथि के रूप में शासकीय कन्या विद्यालय के शिक्षक राकेश जांगड़े तथा प्रज्ञा इंस्टिट्यूट के डायरेक्टर एवं पत्रकार के.पी. पटेल उपस्थित रहे। साथ ही शासकीय आईटीआई के प्राचार्य हिन्द खूँटे सर, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए।



कार्यक्रम में उपस्थित रिसोर्स पर्सन्स ने नशे के दुष्परिणामों, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव, पारिवारिक एवं सामाजिक समस्याओं तथा युवाओं के भविष्य पर इसके नकारात्मक असर के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रोफेसर अनंत ने हास्य-व्यंग्य के माध्यम से अपनी बात रखते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का प्रेरणादायक संदेश दिया। वहीं प्रोफेसर कमल किशोर जांगड़े ने अपनी दादी से जुड़ा एक प्रेरक प्रसंग साझा करते हुए जीवन में अच्छे संस्कारों और नशामुक्त रहने के महत्व को समझाया।



आईटीआई के प्राचार्य हिन्द खूँटे सर ने भी बेहद प्रभावशाली एवं मनमोहक अंदाज में अपने विचार प्रस्तुत किए और विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच तथा अच्छे लक्ष्य अपनाने के लिए प्रेरित किया। अन्य अतिथियों ने भी युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, कौशल और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशामुक्त समाज के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अरुणाचल प्रदेश से संबंधित एक प्रेरणादायक वीडियो का प्रदर्शन भी किया गया। यह वीडियो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण केंद्र रहा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने, सामाजिक जिम्मेदारी निभाने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के सफल संचालन के दौरान विद्यार्थियों की बढ़ती रुचि, उत्साह एवं प्रश्नोत्तरी में सक्रिय भागीदारी को देखते हुए प्रज्ञा इंस्टिट्यूट के डायरेक्टर एवं पत्रकार के.पी. पटेल ने विशेष पहल की। उन्होंने प्रश्नोत्तरी में सबसे अधिक सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए ₹500 का नकद पुरस्कार प्रदान किया। उनकी इस पहल से विद्यार्थियों का उत्साह और बढ़ा तथा उनमें सीखने एवं आगे बढ़ने की भावना को प्रोत्साहन मिला।

कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की शपथ ली। इसके साथ ही आयोजित गतिविधि एवं प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले प्रतिभागियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह एवं मनोबल देखते ही बन रहा था। सभी ने अतिथियों के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना और नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने युवाओं में जागरूकता, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
Comment
Comment
Comment
Comment
Comment
Comment