न्यूज रुटीन @ कोरबा। कोरबा जिले के शिक्षा विभाग में फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने का गंभीर आरोप सामने आया है। कोरबा विकासखंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोरकोमा में पदस्थ शिक्षिका रामकुमारी साहू के खिलाफ आरटीआई से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में दावा किया गया है कि उन्होंने कथित रूप से फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र के जरिए वर्ष 2007 में शिक्षाकर्मी वर्ग-3 की नौकरी प्राप्त की और तब से सरकारी सेवा में कार्यरत हैं।
आरटीआई कार्यकर्ता एवं पत्रकार जितेंद्र कुमार साहू ने इस संबंध में कलेक्टर जनदर्शन तथा सामान्य प्रशासन विभाग को शिकायत सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ प्रस्तुत दस्तावेजों में नियुक्ति प्रक्रिया और अनुभव प्रमाण पत्र को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
शिकायत के अनुसार, सरकारी अभिलेख बताते हैं कि रामकुमारी साहू वर्ष 2004 से 2006 तक शासकीय पी.जी. कॉलेज, कोरबा में बी.एससी. की नियमित छात्रा थीं। वहीं, इसी अवधि के दौरान 2003 से 2006 तक बिलाईगढ़ विकासखंड के धनगांव स्थित एक विद्यालय में अध्यापन कार्य करने का अनुभव प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया, जिसके आधार पर उन्हें 12 बोनस अंक मिलने का दावा किया गया। इन्हीं अंकों के आधार पर वर्ष 2007 में शिक्षाकर्मी वर्ग-3 के पद पर चयन होने की बात शिकायत में कही गई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच के दौरान धनगांव विद्यालय के मूल उपस्थिति पंजी (अटेंडेंस रजिस्टर) में संबंधित शिक्षिका का नाम दर्ज नहीं मिला। साथ ही आरोप लगाया गया है कि बाद में 20 रुपये के स्टांप पेपर एवं स्थानीय पंचनामा के माध्यम से अनुभव प्रमाण पत्र को सही ठहराने का प्रयास किया गया।
मामले को लेकर बिलासपुर संभाग और रायपुर स्थित मंत्रालय स्तर तक शिकायत भेजी गई है। शिकायतकर्ता ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।