Balod news: योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का मूलमंत्र है : भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख

संक्षेप

भाजपा बालोद: चेमन देशमुख ने योग को दिनचर्या बनाने का आग्रह; गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि होंगे

Balod news: योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का मूलमंत्र है : भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख

विस्तृत खबरें

न्यूज रुटीन @ बालोद। भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद के अध्यक्ष चेमन देशमुख ने आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने योग की वैश्विक उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव बालोद स्थित इंडोर स्टेडियम बालोद में आयोजित जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। जिले के सभी मंडलों सहित कुल 17 स्थानों पर योग दिवस का आयोजन किया जाएगा।

अपने संदेश में चेमन देशमुख ने कहा कि भारत की ऋषि परंपरा की यह अमूल्य धरोहर आज वैश्विक स्तर पर अपनी विशेष पहचान बना चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज पूरा विश्व योग के महत्व को स्वीकार कर रहा है। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का सबसे सशक्त माध्यम है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जीवनशैली और तनावपूर्ण वातावरण में योग मानसिक शांति तथा आंतरिक ऊर्जा प्रदान करने का प्रभावी साधन है। यह न केवल शरीर को निरोगी रखता है, बल्कि एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देता है।

चेमन देशमुख ने कहा कि योग किसी मत, पंथ या मजहब तक सीमित नहीं है, बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग है। यह ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को साकार करता है। जब प्रत्येक नागरिक शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होगा, तभी एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण संभव होगा।

उन्होंने छत्तीसगढ़ के सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं बच्चों से अपील की कि वे योग दिवस के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और नियमित योगाभ्यास को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।

उन्होंने कहा कि इस योग दिवस पर हम सभी यह संकल्प लें कि ‘करो योग, रहो निरोग’ के मंत्र को अपनाकर स्वस्थ एवं सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपना योगदान देंगे।