न्यूज रूटीन @ बालोद | 03 जुलाई 2026 राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत बालोद जिले में विभिन्न पदों पर की गई संविदा भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न की गई है। जिला कार्यक्रम प्रबंधक अखिलेश शर्मा ने बताया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा आयोजित भर्ती में शासन की निर्धारित मार्गदर्शिका एवं मापदंडों का कड़ाई से पालन किया गया।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत स्व-प्रमाणित शैक्षणिक दस्तावेजों एवं घोषणा-पत्र के आधार पर पूर्ण प्रामाणिकता के साथ अंकों का निर्धारण किया गया। विभाग युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने तथा संपूर्ण चयन प्रक्रिया की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसी क्रम में अभ्यर्थी आशा साहू को 18 नवंबर 2024 को नियुक्ति आदेश जारी किया गया, जिसके अनुपालन में उन्होंने 25 नवंबर 2024 को कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद 05 दिसंबर 2024 को पारिवारिक जिम्मेदारियों एवं शिक्षा संबंधी तैयारी का हवाला देते हुए उन्होंने कार्यालय में त्यागपत्र प्रस्तुत किया, जिसे नियमानुसार स्वीकार कर लिया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि विभाग की सभी भर्ती प्रक्रियाएं शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न की जाती हैं।