न्यूज रुटीन @ पुलिस विभाग में अनुशासन का संदेश देते हुए दुर्ग के पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने सख्त कार्रवाई की है। यातायात विभाग में पदस्थ आरक्षक अर्जुन दुबे को ओवरलोड वाहनों से अवैध वसूली करने के आरोप में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।जांच में सामने आया कि सुपेला सब्जी मंडी क्षेत्र में दुबे ट्रकों और छोटे मालवाहक वाहनों से 2200 से 22000 रुपये तक की अवैध वसूली कर रहा था। व्यापारियों की शिकायत पर एएसपी (यातायात) त्रवा मिश्रा ने जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। एएसपी (ग्रामीण) अभिषेक झा द्वारा दुबे के बैंक खाते से ट्रांजेक्शन की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि उसने ट्रांसपोर्टर दुर्गेश सिन्हा से 75,600 रुपये अपने खाते में लिए थे।विभागीय प्रक्रिया के दौरान दुबे को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। इससे पहले भी उसे कर्तव्य में लापरवाही के कारण वेतनवृद्धि रोकने का दंड मिल चुका था। अंततः पुलिस रेग्यूलेशन पैरा 221 (क) के तहत उसकी सेवा समाप्त कर दी गई।इसी कड़ी में स्मृति नगर चौकी में पदस्थ एएसआई प्रमोद सिंह और आरक्षक रवि ठाकुर को फरियादियों के साथ दुव्यवहार करने के आरोप में लाइन अटैच किया गया है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोनों को रक्षित केंद्र में स्थानांतरित किया गया।एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वालों और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग दुर्ग में हड़कंप मच गया है।
>