Janjgir Champa : अकलतरा के शर्मा फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में पानी मिलाने का आरोप, गाड़ियां बंद होने पर ग्राहकों का हंगामा

संक्षेप

अकलतरा में पेट्रोल में पानी का आरोप, ग्राहकों का हंगामा

Janjgir Champa : अकलतरा के शर्मा फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में पानी मिलाने का आरोप, गाड़ियां बंद होने पर ग्राहकों का हंगामा

विस्तृत खबरें

न्यूज रूटीन @ अकलतरा। नगर स्थित शर्मा फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में पानी मिलने के आरोप के बाद मंगलवार को जमकर हंगामा हो गया। पेट्रोल भरवाने वाले कई वाहन चालकों का दावा है कि ईंधन भरवाने के कुछ ही देर बाद उनकी गाड़ियां अचानक बंद हो गईं। घटना के बाद ग्राहकों और पेट्रोल पंप संचालक के बीच तीखी बहस हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, पेट्रोल भरवाने के बाद जब कई वाहन रास्ते में बंद हो गए तो वाहन मालिक उन्हें पास के गैरेज में लेकर पहुंचे। वहां मेकेनिक ने प्रारंभिक जांच के आधार पर आशंका जताई कि पेट्रोल में पानी मिलने के कारण इंजन ने काम करना बंद कर दिया। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना से नाराज ग्राहकों ने पेट्रोल पंप पहुंचकर संचालक से जवाब मांगा, जिससे मौके पर विवाद की स्थिति बन गई। इस दौरान मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब व्यापक रूप से वायरल हो रहा है।
पीड़ित ग्राहकों का आरोप है कि मामले की जानकारी क्षेत्र के इंडियन ऑयल सेल्स अधिकारी को फोन पर दी गई, लेकिन अधिकारी मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंचे। उनका कहना है कि फोन पर ही पेट्रोल को सही बताते हुए शिकायत को खारिज कर दिया गया, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।
वाहन मालिकों का कहना है कि यदि तत्काल मौके पर पहुंचकर ईंधन की जांच कराई जाती तो स्थिति स्पष्ट हो सकती थी। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि पेट्रोल की गुणवत्ता में गड़बड़ी पाई जाती है तो वाहनों को हुए नुकसान की भरपाई कौन करेगा।
फिलहाल मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रभावित वाहन मालिकों ने संबंधित विभाग से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा नुकसान की भरपाई सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, पेट्रोल में पानी मिलने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।