Sarangarh News : सारंगढ़: पीएम श्री स्कूल की छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिल, जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने किया वितरण

संक्षेप

पीएम श्री स्कूल की छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिल

Sarangarh News : सारंगढ़: पीएम श्री स्कूल की छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिल, जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने किया वितरण

विस्तृत खबरें

न्यूज रूटीन @ सारंगढ़। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की पढ़ाई को सुगम बनाने के उद्देश्य से पीएम श्री स्कूल, सारंगढ़ में सरस्वती निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने छात्राओं को साइकिल सौंपते हुए उन्हें शिक्षा के महत्व और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि जीवन संघर्ष और चुनौतियों से भरा होता है, लेकिन शिक्षा, मेहनत, अनुशासन और समय प्रबंधन के बल पर हर कठिनाई पर विजय प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ऐसा सशक्त माध्यम है, जो व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करती है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई बार छात्राओं को स्कूल आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिसके कारण कुछ बेटियां बीच में ही पढ़ाई छोड़ देती हैं। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा निःशुल्क साइकिल वितरण योजना संचालित की जा रही है, ताकि छात्राओं की शिक्षा बिना किसी बाधा के जारी रह सके।
जिपं अध्यक्ष ने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने सपनों को साकार करने तथा भविष्य में अपने परिवार, क्षेत्र और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संस्था के प्राचार्य एल.पी. पटेल, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। साइकिल वितरण के बाद छात्राओं के चेहरे पर उत्साह और खुशी साफ दिखाई दी। विद्यालय परिवार ने इस योजना को बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।