Sarangarh news : सारंगढ़: अपेक्स बैंक की अव्यवस्थाओं से किसान परेशान, कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

संक्षेप

अपेक्स बैंक की अव्यवस्थाओं पर कांग्रेस का ज्ञापन

Sarangarh news : सारंगढ़: अपेक्स बैंक की अव्यवस्थाओं से किसान परेशान, कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

विस्तृत खबरें

न्यूज रूटीन @ सारंगढ़-बिलाईगढ़। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को अपेक्स बैंक में ऋण वितरण एवं बैंकिंग सेवाओं में हो रही परेशानियों को लेकर कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन किसान 
नेता एवं अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सारंगढ़ ग्रामीण राकेश पटेल के नेतृत्व में सौंपा गया, जिसमें बैंक की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि अपेक्स बैंक की अव्यवस्थाओं के कारण किसानों को ऋण, केसीसी राशि एवं अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए बार-बार बैंक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इससे किसानों का समय और आर्थिक संसाधन दोनों प्रभावित हो रहे हैं, वहीं खरीफ सीजन में कृषि कार्य भी बाधित हो रहे हैं।
ज्ञापन में प्रमुख समस्याएं इस प्रकार बताई गईं—
किसानों को स्वीकृत ऋण की पूरी राशि समय पर उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
बैंक में कर्मचारियों की कमी के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है तथा लंबी कतारों का सामना करना पड़ रहा है।
बैंक भवन छोटा होने से प्रतिदिन भारी भीड़ के बीच अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है।
किसानों को पर्याप्त संख्या में एटीएम कार्ड उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं।
नेट बैंकिंग एवं ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं सुचारू रूप से संचालित नहीं हो रही हैं।
बैंक परिसर में पेयजल, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।
किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की राशि जारी करने में अनावश्यक विलंब होने से बुवाई एवं अन्य कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
कांग्रेस नेता राकेश पटेल ने कहा कि खरीफ सीजन किसानों के लिए सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। ऐसे में समय पर ऋण एवं केसीसी की राशि नहीं मिलने से किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बैंक की वर्तमान व्यवस्था में शीघ्र सुधार किया जाना आवश्यक है, ताकि किसानों को बिना किसी परेशानी के समय पर सभी बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि अपेक्स बैंक में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाए, बैंक भवन का विस्तार किया जाए, एटीएम एवं नेट बैंकिंग जैसी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए तथा किसानों को स्वीकृत ऋण एवं केसीसी की राशि समय पर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।