Sarangarh News : सारंगढ़ जिला पंचायत सामान्य सभा बैठक: जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने अधिकारियों को दिए समन्वय और समयबद्ध विकास कार्यों के निर्देश

संक्षेप

जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय की अध्यक्षता में सामान्य सभा संपन्न

सारंगढ़ जिला पंचायत सामान्य सभा बैठक: जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने अधिकारियों को दिए समन्वय और समयबद्ध विकास कार्यों के निर्देश

विस्तृत खबरें

न्यूज रूटीन @ सारंगढ़। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में खरीफ सीजन के मद्देनजर किसानों को समय पर खाद, बीज एवं कीटनाशक दवाओं की उपलब्धता, ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी इंद्रजीत बर्मन, जिला स्तरीय अधिकारी एवं जिला पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी आम जनता तक पहुंचेगा, जब सभी विभाग बेहतर समन्वय और तालमेल के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि तकनीकी या अन्य छोटे कारणों से जनहित के कार्य लंबित नहीं रहने चाहिए। ग्रामीण विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल, जल जीवन मिशन तथा अन्य विकास कार्यों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस पर अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों का समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
खरीफ सीजन को देखते हुए खाद, बीज एवं कीटनाशक दवाओं की उपलब्धता, मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए पर्याप्त दवाओं की व्यवस्था, कृषि, उद्यानिकी, खाद्य, सहकारिता, जल संसाधन तथा लोक निर्माण विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
जिपं अध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि वे नियमित रूप से गांवों का दौरा कर लोगों से सीधे संवाद करें और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करें। साथ ही निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता पर स्वयं निगरानी रखते हुए सभी कार्य समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में उपाध्यक्ष अजय नायक, सांसद प्रतिनिधि, जिला पंचायत सदस्य डॉ. दिनेश, शिवकुमारी साहू, भगवंती पटेल, सुशीला साहू, लता लक्ष्मे, डॉ. अभिलाषा नायक, सहोदरा सिदार, विनोद भारद्वाज, मुख्य कार्यपालन अधिकारी इंद्रजीत बर्मन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Comment
Comment
Comment
Comment
Comment
Comment