न्यूज रूटीन @ सारंगढ़। जिले में राजस्व प्रकरणों के निराकरण, एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसान पंजीयन तथा समय-सीमा (टीएल) बैठक में सौंपे गए कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी पद्मिनी भोई साहू ने सख्त रुख अपनाया है। कार्यों में संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर जिले के आठ तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर द्वारा जारी नोटिस में राजस्व विभाग के महत्वपूर्ण कार्यों, जिनमें बटांकन, नक्शा विहीन ग्रामों का सत्यापन, वन ग्रामों से घोषित राजस्व ग्रामों के नक्शों का निर्माण एवं अद्यतन तथा भू-अभिलेख सर्वेक्षण कार्य शामिल हैं, में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की गई है। इसके अलावा एग्रीस्टेक पोर्टल पर धान खरीदी से जुड़े किसानों के पंजीयन कार्य में भी धीमी प्रगति को गंभीरता से लिया गया है।
जिन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, उनमें उप तहसील कोसीर के तहसीलदार शनि कुमार पैकरा, सारंगढ़ तहसीलदार खोमन लाल ध्रुव एवं सहायक तहसीलदार नंदकिशोर सिन्हा, सरसीवा तहसीलदार मोहन साहू, भटगांव तहसीलदार नीलिमा अग्रवाल, बरमकेला तहसीलदार पुष्पेंद्र राज, बिलाईगढ़ तहसीलदार कमलेश सिदार तथा सरिया तहसीलदार कोमल साहू शामिल हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि समय-सीमा की बैठकों में सौंपे गए कार्यों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही अथवा कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासनिक कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों से तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।