न्यूज रूटीन @ सारंगढ़-बिलाईगढ़ (गोपी अजय) :- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के वर्ष 2026 के परीक्षा परिणाम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। जिले ने हाई स्कूल (10वीं) परीक्षा में राज्य स्तर पर 11वां स्थान तथा हायर सेकेंडरी (12वीं) में 9वां स्थान हासिल कर एक नई उपलब्धि अपने नाम की है। इस गौरवशाली सफलता के साथ जिले के मेधावी विद्यार्थियों ने भी राज्य की टॉप सूची में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। कक्षा 10वीं में हेमंत पटेल, मोना मॉडर्न स्कूल बरमकेला के छात्र ने राज्य में 10वां स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, वहीं कक्षा 12वीं में शिवम दुबे, शासकीय बालक हायर सेकेंडरी स्कूल सरिया के छात्र ने 9वां स्थान हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया।
यह सफलता केवल अंकों की उपलब्धि नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की अथक मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का सशक्त परिणाम है। पूरे जिले में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह और गर्व का माहौल है।
जिला कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे एवं जिला शिक्षा अधिकारी जे. आर. डहरिया ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों की सराहना करते हुए इसे सामूहिक प्रयास की जीत बताया। सारंगढ़-बिलाईगढ़ का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन न केवल जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है, जो यह दर्शाता है कि यहां के छात्र-छात्राएं निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।