न्यूज रुटीन @ बालोद ( रायपुर ) : छ ग राज्य की राजनीतिक सरगर्मी तेज अब प्रदेश की कमान नारी शक्ति के नैऋतत्व में खबर सामने आई है। लंबे समय से चल रहे सस्पेंस पर आखिरकार विराम लग गया है और संजारी बालोद की विधायक संगीता सिन्हा को छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस का प्रभारी अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है। ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की ओर से जारी इस आदेश के बाद प्रदेश कांग्रेस संगठन में नई हलचल देखने को मिल रही है। इस नियुक्ति को महिला कांग्रेस को फिर से सक्रिय करने और आने वाले संगठनात्मक कार्यों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
इस पद के लिए दावेदारी काफी दिलचस्प रही थी। इसी साल जनवरी में दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन और इंटरव्यू राउंड के जरिए कई दिग्गज महिला नेताओं ने अपनी दावेदारी रखी थी। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के सामने प्रदेश की पांच प्रमुख महिला नेत्रियां अनिला भेड़िया, संगीता सिन्हा, छन्नी साहू, ममता चंद्राकर और तुलिका कर्मा मैदान में थीं। तभी से यह चर्चा तेज थी कि आखिर आलाकमान किस चेहरे पर भरोसा जताएगा।
फूलोदेवी नेताम के बाद संगठन में यह बदलाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फूलोदेवी नेताम पहले महिला कांग्रेस की अध्यक्ष थीं, लेकिन राज्यसभा सदस्य बनने और संगठनात्मक जिम्मेदारियों से हटने की पेशकश के बाद नेतृत्व को लेकर स्थिति अनिश्चित हो गई थी। इसका असर संगठन की सक्रियता पर भी दिखने लगा था और कई पदाधिकारी निष्क्रिय हो गए थे। जमीनी स्तर पर संगठन की पकड़ कमजोर पड़ती दिखाई दे रही थी।
राजनीतिक तौर पर यह नियुक्ति इसलिए भी अहम है क्योंकि केंद्र सरकार के नारी शक्ति वंदन अधिनियम के बाद महिला प्रतिनिधित्व का मुद्दा और ज्यादा मुखर हो गया है। ऐसे माहौल में कांग्रेस के लिए महिला संगठन को सक्रिय, मजबूत और प्रभावी बनाना जरूरी हो गया था। पार्टी को उम्मीद है कि संगीता सिन्हा के नेतृत्व में महिला कांग्रेस को नई ऊर्जा मिलेगी और संगठनात्मक गतिविधियां फिर से तेज होंगी।