न्यूज रुटीन @ बालोद। मंगलवार बुधवार दरम्यानी रात ग्राम कोड़ेवा में तीन किसानों के पैरावट में आग लग गई। इस आग से लगभग 20 एकड़ के धान का पैरावट जलकर खाक हो गया। सूचना देने पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने लगभग 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग पूरी रात पैरावट के अंदर धधकती रही। सुबह तक भी पूरी तरह से आग बुझी नहीं थी। इस आगजनी से तीन किसानों को काफी नुकसान हुआ है।
मंगलवार शाम ग्राम कोड़ेवा के हरिराम साहू, कंवल सिन्हा तथा नेतराम ठाकुर के खलिहान में रखे पैरावट में आग लग गई। जानकारी के मुताबिक हरिराम साहू के खलिहान में 10 एकड़, कंवल सिन्हा एवं नेतराम ठाकुर के खलिहान में लगभग पांच-पांच एकड़ का पैरावट रखा हुआ था। बताया जाता है कि कंवल सिन्हा के खलिहान में रखे पैरावट में सबसे पहले आग लगी जो देखते-देखते तीनों खलिहान में फैल गई। आसपास के लोग व ग्रामीण पास के घरों के बोर से आग पर काबू पाते इससे पहले ही आग तीनों पैरावट में पूरी तरह से फैल गई। इसके बाद ग्रामीणों द्वारा अर्जुंदा थाने और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी बालोद से पहुंची तब तक आग काफी फैल चुकी थी। दमकल कर्मचारियों ने 2 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया और आग को फैलने से रोका। जहां आग लगी थी वहां पर थोड़ी दूर में बस्ती भी है। हरिराम साहू का घर तो खलिहान से बिल्कुल लगा हुआ है। आग बुझाने के बाद भी रात भर अंदर ही अंदर पैरावट जलती रही इससे हरिराम साहू सहित आसपास के परिवार के लोग रात भर सो नहीं सके। बीच-बीच में तेज हवा चलने के कारण भी ग्रामीण चिंता में रहे। हरिराम साहू, नेतराम ठाकुर ने बताया कि इस आग से पैरावट पूरी तरह जल गया है। मवेशियों को चारा खिलाने की अब उन्हें चिंता सता रही है।