Sarangarh News : नकटी में विधायक निवास निर्माण: बिनोद भारद्वाज ने 80 परिवारों के मकानों की तोड़फोड़ पर सरकार पर हमला बोला, ग्रामीणों के घर बचाने की मांग

संक्षेप

नकटी में ग्रामीणों के घर बचाने की मांग, सरकार पर बरसे बिनोद भारद्वाज

Sarangarh News : नकटी में विधायक निवास निर्माण: बिनोद भारद्वाज ने 80 परिवारों के मकानों की तोड़फोड़ पर सरकार पर हमला बोला, ग्रामीणों के घर बचाने की मांग

विस्तृत खबरें

न्यूज रूटीन @ सारंगढ । वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं जिला पंचायत सदस्य बिनोद भारद्वाज ने रायपुर के नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक निवास निर्माण के लिए ग्रामीणों के मकानों को हटाने की कार्रवाई पर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को ग्रामीणों के घर बचाने चाहिए और वैकल्पिक भूमि पर विधायक निवास का निर्माण कराया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नकटी गांव में करीब 80 परिवारों के मकानों को हटाने की प्रक्रिया जारी है, जबकि पूर्व में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सार्वजनिक रूप से आश्वासन दिया था कि गांव का कोई भी घर नहीं तोड़ा जाएगा। इसके बावजूद बरसात के मौसम में कार्रवाई तेज होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
बिनोद भारद्वाज ने कहा कि जिन मतदाताओं के वोट से विधायक और सांसद चुने जाते हैं, आज उन्हीं के आशियाने उजाड़े जा रहे हैं। नैतिकता के आधार पर सरकार को ग्रामीणों के घर सुरक्षित रखने चाहिए। उन्होंने कहा कि रायपुर जैसे बड़े शहर में विधायक निवास के लिए अन्य उपयुक्त स्थान उपलब्ध हैं, इसलिए सरकार को वैकल्पिक भूमि का चयन कर ग्रामीणों को बेघर होने से बचाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ग्रामीणों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाती रहेगी। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता के सुख-दुख में सहभागी बनना भी है।
भारद्वाज ने बताया कि वे वर्षों से क्षेत्र में सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित के कार्यों में सक्रिय रहे हैं। छठी, बरही, क्रिकेट प्रतियोगिताओं, कन्यादान कार्यक्रमों सहित विभिन्न सामाजिक आयोजनों में उनकी लगातार सहभागिता रही है और आगे भी वे जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।