न्यूज रूटीन @ सारंगढ़। शासन के सुराज तिहार अभियान के दौरान ग्राम पंचायत कोटमरा के ग्रामीणों ने गांव में मुक्तिधाम निर्माण की मांग उठाई थी। ग्रामीणों का कहना है कि मांग किए जाने के लगभग एक माह बाद भी मुक्तिधाम का निर्माण नहीं हो सका। इसी बीच कोटमरा निवासी राजकुमार वारे का निधन हो गया। लगातार हो रही बारिश और श्मशान घाट के अभाव में ग्रामीणों को मृतक का अंतिम संस्कार तालाब किनारे करना पड़ा। प्रतिकूल परिस्थितियों में अंतिम संस्कार की व्यवस्था करना मृतक के परिजनों और ग्रामीणों के लिए बेहद कठिन साबित हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में मुक्तिधाम नहीं होने के कारण वर्षों से अंतिम संस्कार के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायत कोटमरा में शीघ्र मुक्तिधाम का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी परिवार को अंतिम संस्कार जैसी संवेदनशील प्रक्रिया के दौरान कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। उन्होंने जिला कलेक्टर से इस दिशा में त्वरित कार्रवाई करने की अपील की है।