न्यूज रुटीन @ सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में जिला पंचायत सभापति संतोषी अरविंद खटकर ने अपने निर्वाचन क्षेत्र सहित जिले से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने स्वास्थ्य, बिजली, पशुपालन तथा ग्रामीण विकास से संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
सभापति खटकर ने बताया कि कोसीर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्र की बड़ी आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराता है, लेकिन लंबे समय से विशेषज्ञ चिकित्सक का पद रिक्त होने के कारण मरीजों को इलाज के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र में तत्काल अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति करने की मांग की।
बैठक में क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती का मुद्दा भी उठाया गया। उन्होंने कहा कि बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से किसान, विद्यार्थी, व्यापारी और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
पशुपालन विभाग से जुड़े विषय पर उन्होंने बताया कि कृत्रिम गर्भाधान उपकेंद्र दहीदा में पदस्थ परिचारक ऋषिराम चौहान के पशु औषधालय परसदा (छोटे) स्थानांतरण के बाद उपकेंद्र का पद रिक्त हो गया है। इससे क्षेत्र के पशुपालकों को असुविधा हो रही है। उन्होंने श्री चौहान को पुनः दहीदा में पदस्थ किए जाने का प्रस्ताव रखा।
इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत जिले के अनुसूचित जाति बहुल ग्रामों में स्वीकृत एवं लंबित कार्यों की जानकारी भी मांगी। उन्होंने जानना चाहा कि जिले के कितने गांवों को योजना के तहत स्वीकृति मिली है तथा किन गांवों में अब तक स्वीकृति या निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।
सभापति संतोषी अरविंद खटकर ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई कर आम जनता को राहत प्रदान करेंगे।