न्यूज रुटीन @ सारंगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सारंगढ़ और बरमकेला क्षेत्र में पिछले दो दिनों से यातायात पुलिस द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग 55 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
जिला यातायात पुलिस एवं बरमकेला पुलिस ने बरमकेला क्षेत्र में अवैध प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों की जांच की। कार्रवाई के दौरान प्रेशर हॉर्न के 5 प्रकरण, तीन सवारी बैठाने के 4 प्रकरण, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने के 1 प्रकरण तथा अन्य नियम उल्लंघन के 4 प्रकरण दर्ज किए गए। इन मामलों में यातायात सेल द्वारा कुल 14 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
वहीं जिला परिवहन विभाग, यातायात सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर तथा आसपास के क्षेत्रों में संचालित यात्री बसों और स्कूल बसों की जांच की। इस दौरान वाहनों के प्रेशर हॉर्न, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और यात्री सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
जांच में कमियां पाए जाने पर संबंधित वाहन संचालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। प्रेशर हॉर्न से संबंधित 10 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा अग्निशमन यंत्र नहीं पाए जाने सहित कुल 17 प्रकरणों में 22,300 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात विभाग ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने, प्रेशर हॉर्न का उपयोग न करने तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।