Sarangarh News : सारंगढ़ में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन: भाजपा सरकार पर विपक्ष को दबाने का आरोप, पीएम और मुख्यमंत्री का पुतला दहन

संक्षेप

सारंगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम-सीएम का पुतला दहन

Sarangarh News : सारंगढ़ में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन: भाजपा सरकार पर विपक्ष को दबाने का आरोप, पीएम और मुख्यमंत्री का पुतला दहन

विस्तृत खबरें

न्यूज रुटीन @ सारंगढ़। केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार पर विभिन्न जांच और प्रशासनिक एजेंसियों के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को सारंगढ़ मुख्यालय में विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यह प्रदर्शन छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
'कांग्रेस की छवि धूमिल करने की साजिश' : बिनोद भारद्वाज
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता बिनोद भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राजनीतिक लाभ के लिए सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय और राज्य की जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है तथा पार्टी की छवि धूमिल करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध बताया।
'दमनकारी नीति के सामने नहीं झुकेगी कांग्रेस'
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी राजनीति से प्रेरित और द्वेषपूर्ण कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस प्रकार की दमनकारी नीति के सामने झुकने वाली नहीं है और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
पुतला दहन कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई (NSUI) सहित विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग का सिलसिला नहीं रुका, तो पार्टी आने वाले दिनों में और व्यापक एवं उग्र जनआंदोलन करेगी।