न्यूज रुटीन @ सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने राशन कार्ड एवं महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन हितग्राहियों की ई-केवाईसी शेष है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए।
कलेक्टर ने सभी विभागों को बजट में स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए माइनिंग विभाग एवं तहसीलदारों को संयुक्त कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए खाद दुकानों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
जल संकट वाले क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने खराब हैंडपंप और बोर की मरम्मत कराने तथा आवश्यकतानुसार टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त लंबित आवेदनों का प्राथमिकता एवं गुणवत्ता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान कार्ड निर्माण, टीबी मुक्त भारत अभियान और अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। ग्राम पंचायत सचिवों को हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं के लिए समय पर वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने पर जोर दिया गया। विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए लापरवाह ठेकेदारों को नोटिस जारी करने और अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग को जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा जनजागरूकता गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में यह भी बताया गया कि जिले के सभी चॉइस सेंटर अब "सेवा सेतु" नाम से संचालित होंगे, जिसके लिए नए बैनर और पोस्टर लगाने के निर्देश जारी किए गए।
कृषि विभाग को किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए। वहीं राजस्व विभाग को नक्शा बंटांकन एवं अन्य लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने को कहा गया।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विद्युत विभाग को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक परिवारों को सोलर ऊर्जा से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही भूमि आवंटन से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।