न्यूज रुटीन @ रायपुर। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले दो दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। पिछले 24 घंटों में सभी संभागों में आंधी, बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां दर्ज की गईं, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। रायपुर 37 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।