रायपुर ! 16/08/2024 को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल रायपुर की सचिव श्रीमती पुष्पा साहू आई.ए.एस. द्वारा हाईस्कूल / हायर सेकण्डरी द्वितीय मुख्य / अवसर परीक्षा वर्ष 2024 के मूल्याकन कार्य हेतु निर्धारित मूल्याकंन केन्द्र शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दुर्ग का निरीक्षण किया गया तथा मूल्याकंन कार्य हेतु, आवश्यक केन्द्र व्यवस्था का निरीक्षण एवं परीक्षकों की उपस्थिति की जानकारी ली गई। मात्र 55 परीक्षक उपस्थित पाये गये। परीक्षकों की उपस्थिति कम पाये जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी को सूचित कर अग्रिम कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। मूल्याकंन केन्द्र अधिकारी को मण्डल द्वारा प्रेषित समस्त निर्देशों का गंभीरतापूर्वक पालन हेतु निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त परीक्षकों की समय में उपस्थिति / पर्याप्त परीक्षकों की सुनिश्चिता, मूल्याकन के दौरान गोपनीयता एवं गुणवत्तापूर्ण मूल्याकंन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।
इसी संबंध में तत्काल अपरान्ह में समस्त मूल्याकंन केन्द्र अधिकारियों तथा मण्डल के मूल्याकंन केन्द्र निरीक्षण प्रभारी अधिकारियों की वर्चुअल बैठक सचिव छ० ग० माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा ली गयी जिसमें राज्य के समस्त मूल्याकंन केन्द्रों केन्द्र व्यवस्था, परीक्षकों की उपस्थिति पर चर्चा की गई। जहां पर्याप्त परीक्षक उपस्थित नहीं थे तत्काल जिला शिक्षा अधिकारी से संपर्क कर परीक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया था। मूल्याकंन निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुये गुणवत्तापूर्ण मूल्याकंन किये जाने हेतु सख्त निर्देश दिये गये तथा समय-सीमा मूल्याकन कार्य पूर्ण किये जाने का निर्देश दिया गया।