न्यूज रुटीन @ बालोद। राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद Santosh Pandey संतोष पाण्डेय बालोद पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को लेकर मीडिया संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, आर्थिक सुधारों, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 12 वर्षों तक देश का नेतृत्व करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि यह कार्यकाल विकास, विश्वास और जनकल्याण का स्वर्णिम काल रहा है। प्रधानमंत्री स्वयं को प्रधानमंत्री नहीं बल्कि "प्रधान सेवक" मानते हैं और देश के 140 करोड़ नागरिकों को अपना परिवार समझकर कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। जन-धन योजना के माध्यम से करोड़ों बैंक खाते खोले गए, जबकि आयुष्मान भारत योजना के जरिए गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई। कोरोना महामारी के दौरान करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाया गया।
सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है, जबकि जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाया गया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत करोड़ों शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता अभियान को नई दिशा दी गई है।
उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को पीएम स्वनिधि योजना और मुद्रा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। वहीं पीएम विश्वकर्मा योजना के जरिए पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
किसानों और जनजातीय समाज के लिए योजनाओं का उल्लेख
संतोष पाण्डेय ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई जा रही है। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से किसानों को सस्ती दरों पर ऋण उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने जनजातीय समाज के लिए केंद्र सरकार द्वारा विशेष बजट प्रावधानों और "धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान" का उल्लेख करते हुए कहा कि आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए बड़े स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर
सांसद ने कहा कि लखपति दीदी योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों में महिलाओं की भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है।
सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय चेतना का उल्लेख
मीडिया संवाद के दौरान सांसद पाण्डेय ने कहा कि मोदी सरकार ने विकास के साथ-साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव को भी नई पहचान दी है। कर्तव्य पथ, पंचतीर्थ, जनजातीय गौरव दिवस, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नए संसद भवन और राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ते हुए आधुनिक विकास की ओर अग्रसर है।
वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा
सांसद ने कहा कि भारत आज वैश्विक स्तर पर एक मजबूत और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में उभरा है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान और बढ़ते विदेशी निवेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विश्व समुदाय का भारत पर विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।
छत्तीसगढ़ के विकास के लिए प्रधानमंत्री का जताया आभार
संतोष पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना, रेलवे परियोजनाओं, किसान हितैषी योजनाओं और उड़ान योजना के माध्यम से व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में लाखों आवासों का निर्माण किया गया है तथा रेलवे और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में बड़े निवेश किए जा रहे हैं।
भाजपा की राजनीतिक उपलब्धियों का भी किया उल्लेख
मीडिया संवाद के दौरान सांसद पाण्डेय ने कहा कि भाजपा ने ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक लगातार जनसमर्थन प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि देश के अनेक राज्यों में भाजपा सरकारें विकास के एजेंडे पर कार्य कर रही हैं और केंद्र सरकार ने आर्थिक सुधारों के माध्यम से भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था में मजबूत स्थान दिलाने का कार्य किया है।
कार्यक्रम में भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें यज्ञदत्त शर्मा, देवलाल ठाकुर, अभिषेक शुक्ला, कृष्णकांत पवार, राकेश यादव, वीरेंद्र साहू, राकेश छोटू यादव, हरीश कटझरे, प्रेम साहू, जितेंद्र साहू, विनोद जैन, कमल पनपालिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।