न्यूज रुटीन @ सारंगढ़ बिलाईगढ़/सरसीवां, 19 मई 2026 — बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस व खाद्य सामग्री की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरसीवां ने आज एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश और जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष तारा चंद देवांगन के सुझाव पर आयोजित किया गया।
धरना कार्यक्रम के बाद कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में पार्टी झंडा व महंगाई विरोधी तख्ती लेकर पैदल मार्च पर निकले और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। आयोजन का मार्गदर्शन बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे ने किया, जबकि ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भीष्म साहू अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि प्राण लहरे, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गोपाल पांडे, नीतिश बंजारे, जागेश्वर लहरे, पीरीत लाल खटकर, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष आकाश पाण्डेय, सोनाखान ब्लॉक अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक, रमेश सोनी, अब्दुल खान, संजय साहू, जान मोहम्मद खान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे। मौजूद लोगों ने केंद्र सरकार पर महंगाई नियंत्रित करने में विफल रहने का आरोप लगाया और गरीब-मध्यम वर्ग पर बढ़ते बोझ को लेकर चिंता व्यक्त की।
कांग्रेस नेता गोपाल पांडेय ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आमजन का जीवन कठिन होता जा रहा है, पेट्रोल-डीजल, गैस सिलेंडर और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं जिससे गरीब और मध्यम वर्ग प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि 'बिजली की दोहरी सरकार' की नीतियों के कारण हर वर्ग परेशान है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारा चंद देवांगन ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता को राहत देने में विफल है और युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी व आर्थिक संकट चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
धरना समाप्ति पर ब्लॉक अध्यक्ष भीष्म साहू ने नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार महंगाई के मुद्दे पर आवाज उठाती रहेगी और सरकारों से तत्काल राहत की मांग करेगी। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरुद्ध नारों के माध्यम से अपनी नाराज़गी व्यक्त की।