Balod News : बालोद हत्याकांड: छह माह की साजिश के बाद महिला ने सौतन की हत्या की, सिर पर वार कर धारदार हथियार से गला रेता

संक्षेप

बालोद में सौतन की हत्या, आरोपी महिला गिरफ्तार

Balod News : बालोद हत्याकांड: छह माह की साजिश के बाद महिला ने सौतन की हत्या की, सिर पर वार कर धारदार हथियार से गला रेता

विस्तृत खबरें


न्यूज रूटीन @ बालोद। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नेवारीकला गांव में महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतका की सौतन को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी महिला ने पूछताछ के दौरान हत्या करना स्वीकार किया और बताया कि वह पिछले करीब छह माह से इसकी योजना बना रही थी।


                      मृतिका दया बाई 

पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब 5 बजे नेवारीकला गांव में एक महिला की हत्या की सूचना मिली। सूचना पर कोतवाली थाना, साइबर सेल एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पहुंचने से पहले घर की दूसरी महिला, जो मृतका की सौतन है, को संदेह के आधार पर हिरासत में ले लिया।
जांच के दौरान मृतका दया बाई के सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले, जबकि गले पर भी धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए।


                   आरोपी अमृत बाई 

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी अमृत बाई ने हत्या करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक घटना रात करीब 10:30 बजे की है। आरोपी ने पहले लकड़ी के डंडे से सो रही महिला के सिर पर कई वार किए। इसके बाद धारदार हथियार से हमला किया।



पुलिस का दावा है कि घटना के बाद आरोपी ने कपड़े बदलकर उन्हें खेत की ओर छिपाने का भी प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार रात करीब 3 बजे पति चिम्मन साहू की नींद खुली। जब उसने दया बाई को आवाज दी और कोई जवाब नहीं मिला, तब मोबाइल की टॉर्च से देखने पर वह खाट पर खून से लथपथ मिली। इसके बाद गांव के कोटवार और पुलिस को सूचना दी गई।



प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चिम्मन साहू की पहली शादी वर्ष 2003 में अमृत बाई से हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे हैं। वर्ष 2019 में दया बाई के घर आने के बाद दोनों महिलाओं के बीच विवाद चलता रहा। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है