न्यूज रुटीन @ बालोद। भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान-2026 के अंतर्गत जुंगेरा स्थित भाजपा जिला कार्यालय में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म (डीएलपी) की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि डिजिटल इंडिया के माध्यम से जमीनी कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाना संगठन का लक्ष्य है। उन्होंने सभी मंडलों में डीएलपी की प्रगति की समीक्षा करते हुए बूथ एवं शक्ति केंद्र स्तर पर प्रशिक्षण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला महामंत्री राकेश (छोटू) यादव ने कहा कि डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म प्रत्येक कार्यकर्ता को आधुनिक एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाने का महत्वपूर्ण अभियान है। इसके माध्यम से कार्यकर्ताओं को डिजिटल तकनीक से जोड़कर संगठनात्मक कार्यों में अधिक दक्ष बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि डीएलपी के जरिए कार्यकर्ताओं को पार्टी का इतिहास, अंत्योदय के सिद्धांत, राष्ट्रहित की नीतियां, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं जिम्मेदार उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जिससे भ्रामक प्रचार का प्रभावी जवाब दिया जा सके।
बैठक में जिला महामंत्री सौरभ लुनिया, जिला सह-कोषाध्यक्ष मनीष झा, सभी मंडलों के अध्यक्ष, संगठन प्रभारी, विभिन्न मोर्चों के जिला अध्यक्ष, डीएलपी जिला टीम, मंडल प्रभारी एवं तकनीकी टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
राकेश यादव ने बताया कि भाजपा संगठन का यह पहला ऐसा अभियान है, जिसकी गतिविधियों का रिकॉर्ड राष्ट्रीय कार्यालय एवं प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) स्तर तक दर्ज किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि डीएलपी से प्रशिक्षित कार्यकर्ता संगठनात्मक कार्यों को नई गति देने के साथ जनता और सरकार के बीच प्रभावी सेतु की भूमिका निभाएंगे।