न्यूज रुटीन @ बालोद। छत्तीसगढ़ में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बालोद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा सप्लाई के नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस की जांच में ओडिशा के बालीगुड़ा क्षेत्र से गांजा खरीदकर छत्तीसगढ़ में उसकी सप्लाई और स्थानीय स्तर पर बिक्री किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस कार्रवाई में पुलिस ने अलग-अलग आरोपियों के कब्जे से कुल 138.551 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 69 लाख 27 हजार 550 रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान चार आरोपी पुलिस की जांच और कार्रवाई के दायरे में आए हैं। इनमें ग्राम अरकार निवासी भीषम सतनामी और कामता प्रसाद कोसरे के साथ ग्राम खप्परवाड़ा निवासी दो सगे भाई ओमप्रकाश पटेल एवं कुलेश्वर पटेल शामिल हैं। पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है। जब्त की गई कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत 85 लाख 72 हजार 550 रुपये बताई गई है।
पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में गांजा सप्लाई और स्थानीय स्तर पर बिक्री के नेटवर्क की परतें खुलने लगी हैं। अब पुलिस ओडिशा से गांजा लाने वाले सप्लायरों और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।