न्यूज रूटीन @ सारंगढ़। क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक श्रीमती उत्तरी गणपत जांगड़े के जन्मदिन के अवसर पर उनके निवास स्थान पर बधाई देने वालों का ऐसा तांता लगा कि पूरा क्षेत्र जनसैलाब में तब्दील हो गया। सारंगढ़, बरमकेला, बिलाईगढ़ और सरिया अंचल के कोने-कोने से हजारों की संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं, आम जनता और विभिन्न राजनीतिक-सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने उन्हें अपनी शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। इस मौके पर कांग्रेस, भाजपा समेत सभी दलों के नेताओं की मौजूदगी ने यह साबित कर दिया कि राजनीति से ऊपर उठकर हर दिल में उनके लिए एक विशेष स्थान है।
नेता नहीं, परिवार की सदस्य हैं उत्तरी जांगड़े-
समारोह में पहुंचे अंचल के बुजुर्गों और महिलाओं का कहना था कि विधानसभा की जनता उत्तरी जांगड़े को महज एक नेता नहीं, बल्कि अपने परिवार का अभिन्न सदस्य मानती है। अपने क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में चौबीसों घंटे ढाल बनकर खड़े रहने की उनकी अद्वितीय कार्यशैली ने उन्हें आज छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक 'सच्ची नायिका' के रूप में स्थापित कर दिया है।
जन्मदिन पर एक बुजुर्ग ने मीडिया को सम्बोधित करते हुए कहा "उत्तरी जी का हर एक नागरिक से सीधा जुड़ाव है। वे सत्ता में हों या विपक्ष में, जनता की समस्याओं को उठाना और उनका समाधान करना ही उनका पहला धर्म रहता है।"
मृदुभाषी स्वभाव और सादगी बनाती है सबसे अलग-
वर्तमान में विपक्ष में रहते हुए भी जिस मजबूती से वे सारंगढ़ अंचल की आवाज को बुलंद कर रही हैं, उसकी तारीफ विरोधी भी दबी जुबान से करते हैं। उनकी सबसे बड़ी ताकत उनका मृदुभाषी स्वभाव, बड़ों के प्रति अगाध आदर और छोटों के लिए मां-बहन जैसा स्नेह है। यही गुण उन्हें भीड़ में सबसे अलग और बेहद खास बनाता है।
एकता की मिसाल-
दलगत राजनीति से ऊपर उठकर भाजपा और अन्य सामाजिक संगठनों के प्रमुखों ने भी मंच साझा कर उन्हें दीर्घायु होने का आशीर्वाद दिया।
सरिया, बरमकेला और बिलाईगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों लोग अपनी 'दीदी' की एक झलक पाने और उन्हें बधाई देने स्वयं के साधनों से पहुंचे थे।
शानदार महाभोज का आयोजन-
जन्मदिन के इस पावन अवसर पर भव्य और शानदार महाभोज का भी आयोजन किया गया था, जहां हजारों लोगों ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया। विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े ने इस अपार प्रेम और स्नेह के लिए पूरे अंचल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, "यह जनता का प्यार ही है जो मुझे हर परिस्थिति में लड़कर उनके हक की आवाज बनने की ताकत देता है। मैं जीवन भर सारंगढ़ परिवार की सेवा में समर्पित रहूंगी।"