न्यूज रूटीन @ जिला मुख्यालय स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोसीर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के 19 स्वयंसेवकों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 'ए' प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य एस.पी. भारती के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी राजकुमार जांगड़े के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य एस.पी. भारती ने प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कोसीर विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ से संबद्ध है और जिले में उत्कृष्ट कार्यों के लिए अपनी अलग पहचान बना चुकी है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करने का आह्वान किया।
वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार लक्ष्मीनारायण लहरे ने स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर जीवन में हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। वहीं वरिष्ठ व्याख्याता विजय महिलाने ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा उत्तीर्ण करना नहीं, बल्कि व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने कहा कि 'ए' प्रमाण पत्र विद्यार्थियों की सेवा भावना, अनुशासन और कार्यकुशलता का प्रतीक है।
राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों द्वारा वर्षभर स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, नशा मुक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, व्यक्तित्व विकास तथा शिक्षा जागरूकता जैसे विषयों पर 240 घंटे नियमित सेवा कार्य करने के आधार पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित 'ए' प्रमाण पत्र प्रदान किया जाता है।
इस अवसर पर नरेंद्र कुमार साहू, खुशबू भारद्वाज, प्रीति बंजारे, निशा भारद्वाज, चांदनी भारद्वाज, रीना सिदार सहित कुल 19 स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्राचार्य एस.पी. भारती, वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार लक्ष्मीनारायण लहरे, व्याख्याता विजय महिलाने, नवधा राम कोशले, कार्यक्रम अधिकारी राजकुमार जांगड़े, गंगाधर बैरागी, अरुण रात्रे, एस.के. पटेल, उत्तम कुर्रे, श्रीमती बसंती भगत, प्रियंका तिग्गा सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।