Sarangarh News : मंधाईभाठा के विनायक एकेडमी में RTE विद्यार्थियों को मिली मुफ्त स्कूल ड्रेस, बच्चों के चेहरों पर दिखी खुशी

संक्षेप

मंधाईभाठा के विनायक एकेडमी में RTE बच्चों को मुफ्त यूनिफॉर्म वितरण

Sarangarh News : मंधाईभाठा के विनायक एकेडमी में RTE विद्यार्थियों को मिली मुफ्त स्कूल ड्रेस, बच्चों के चेहरों पर दिखी खुशी

विस्तृत खबरें

न्यूज रूटीन @ सारंगढ़। मंधाईभाठा स्थित विनायक एकेडमी इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत अध्ययनरत बच्चों के लिए निःशुल्क स्कूल यूनिफॉर्म वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान केजी से कक्षा दूसरी तक के सभी RTE विद्यार्थियों को स्कूल प्रबंधन की ओर से मुफ्त यूनिफॉर्म प्रदान की गई। नई ड्रेस पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में आत्मीय माहौल के बीच हुई। स्कूल प्रबंधन ने बच्चों के साथ आए पालकों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर स्वागत किया। इस पहल से अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए राहत भरा कदम बताया।

विद्यालय के डायरेक्टर रूद्र ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और RTE के तहत अध्ययनरत विद्यार्थियों को किसी प्रकार की कमी महसूस न हो, इसके लिए विद्यालय निरंतर प्रयासरत है।

यूनिफॉर्म वितरण के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। नई ड्रेस मिलने पर बच्चे खुशी-खुशी एक-दूसरे को अपनी यूनिफॉर्म दिखाते नजर आए। कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से उन्हें आर्थिक राहत मिलने के साथ यह भरोसा भी मिला कि विद्यालय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति संवेदनशील है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकगण, सहायक कर्मचारी एवं प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में ऐसे जनकल्याणकारी और प्रेरणादायी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।