न्यूज रूटीन @ बालोद जिले में पोला त्योहार बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कामधेनू गौ सेवा दल हिंद सेना के तत्वाधान में बालोद शहर के बुधवारी बाजार में एक विशेष आयोजन किया गया, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस महापर्व में शामिल किसानों और गौपालकों को गमछा, श्रीफल और पशु आहार देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन में लगभग 35 जोड़ी बैलों की पूजा-अर्चना की गई और किसानों का सम्मान किया गया। हिंद सेना के छत्तीसगढ़ मुख्य संयोजक तरुण नाथ योगी ने कहा कि आज के आधुनिक युग में जहां लोग ट्रैक्टर और अन्य मशीनों का उपयोग कर रहे हैं, वहां छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति धीरे-धीरे लुप्त हो रही है। लेकिन बालोद के वे किसान जो अभी भी बैल और हल का उपयोग करते हुए अपनी खेती कर रहे हैं, उनका संरक्षण करना महत्वपूर्ण है।
गौ पालकों ने भी बताया कि उनके पूर्वज खेती में बैल और हल का इस्तेमाल करते थे, जिससे फसल अच्छी होती थी। आज के मशीनों के दौर में फसल की गुणवत्ता और उत्पादन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही बाजार में उपलब्ध केमिकल दवाइयों की वजह से भी खेती प्रभावित हो रही है।
बालोद नगर में इस आयोजन का होना किसानों के लिए गर्व की बात है। आयोजनकर्ताओं का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रमों से लुप्त होती संस्कृति को बचाया जा सकता है।
आयोजन में हिंद सेना के प्रदेश संयोजक तरुण नाथ योगी, जिला समाजसेवी राकेश उपाध्याय, कामधेनू बालोद जिला अध्यक्ष दिग्विजय सिंह क्षत्रिय, युवा बिग्रेड प्रदेश महामंत्री राहुल उपाध्याय, शहर अध्यक्ष युवराज नेताम और गौ सेवक भी मौजूद रहे।