न्यूज रूटीन @ सारंगढ़। जिले में एक बार फिर बड़े पैमाने पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। इस बार महिला स्व-सहायता समूहों की सैकड़ों महिलाएं ठगी का शिकार होने का दावा कर रही हैं। आरोप है कि रकम दोगुनी करने का लालच देकर उनसे लाखों नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये एकत्र किए गए। मामले की शिकायत लेकर जिले के दर्जनों गांवों की महिलाएं और ग्रामीण बड़ी संख्या में सिटी कोतवाली सारंगढ़ पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित महिलाओं के अनुसार, ग्वालिनडीह निवासी दिनेश बंजारे ने स्वयं को एक एनजीओ संचालक बताते हुए "नारी रक्षा सम्मान निधि" नामक योजना से जोड़ा। महिलाओं से कहा गया कि योजना में निवेश करने पर उनकी जमा राशि दोगुनी कर लौटाई जाएगी। इस आश्वासन पर भरोसा कर सैकड़ों महिलाओं ने अपनी जमा पूंजी और ऋण की राशि योजना में लगा दी।
महिलाओं ने बताया कि आरोपी उन्हें विभिन्न माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से ऋण भी दिलवाता था। इसके बाद वह ऋण की रकम अपने पास जमा कराता और भरोसा दिलाता कि वह किस्तों का भुगतान स्वयं करेगा। साथ ही हर माह अतिरिक्त लाभ (रिटर्न) देने का भी वादा किया गया। शुरुआत में कुछ समय तक भुगतान मिलता रहा, जिससे लोगों का विश्वास बढ़ा, लेकिन बाद में भुगतान पूरी तरह बंद हो गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी ने गांव-गांव जाकर बड़ी संख्या में महिलाओं से इसी प्रकार रकम जमा कराई। अब पैसे वापस नहीं मिलने से महिलाएं आर्थिक संकट में हैं और न्याय की मांग कर रही हैं।
इस बीच, जिस व्यक्ति पर यह आरोप लगाए जा रहे हैं, वह फिलहाल एक अन्य म्यूल अकाउंट प्रकरण में जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार, उसके बैंक खाते में साइबर ठगी से जुड़े 2 करोड़ 71 लाख रुपये का लेन-देन सामने आया था। इस मामले में विभिन्न राज्यों से 50 से अधिक शिकायतें दर्ज होने की जानकारी है, जिसके बाद सारंगढ़ पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
अब उसी व्यक्ति के खिलाफ महिला समूहों से कथित ठगी का नया मामला सामने आने के बाद बड़ी संख्या में पीड़ित महिलाएं शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंची हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस मामले में सैकड़ों महिलाएं प्रभावित हो सकती हैं और कथित ठगी की राशि करोड़ों रुपये तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायतें प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कुल कितने लोग प्रभावित हुए हैं और कथित ठगी की वास्तविक राशि कितनी है। पुलिस की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।