न्यूज रूटीन @ रायपुर, 26 फरवरी 2026 : आगामी होली पर्व को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ संकल्प सांस्कृतिक समिति की डायरेक्टर मनीषा शर्मा के कुशल निर्देशन में एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन शंकर नगर फ्लाईओवर के नीचे किया गया। संकल्प नशा मुक्ति केंद्र (शंकर नगर, रायपुर), राज्य समन्वयक एजेंसी (रायपुर) तथा अग्रसेन कालेज पुरानी बस्ती के एमएसडब्ल्यू छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से 'होली नशे से नहीं, रंगों से मनाएं' विषय पर यह अभियान चलाया।कार्यक्रम के दौरान आकर्षक पोस्टरों, स्लोगनों और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क पर आने-जाने वाले राहगीरों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। विशेष रूप से होली के दौरान शराब व अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया गया, जो सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में सहायक सिद्ध होगा।अभियान को राहगीरों ने खूब सराहा। कई लोगों ने छात्रों व सदस्यों संग सेल्फी लेकर उनका हौसला बढ़ाया, जबकि कुछ ने सुझाव दिया कि इसे रायपुर के प्रमुख चौराहों जैसे मालवीय रोड, घड़ी चौक और पंडरी बाजार पर विस्तार दिया जाए। इस अभियान से सैकड़ों लोगों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचा, जो सामाजिक जागरूकता की दिशा में सकारात्मक कदम है।संकल्प सांस्कृतिक समिति द्वारा संचालित संकल्प नशा मुक्ति केंद्र के सदस्य, एसएलसीए प्रतिनिधि, अग्रसेन कालेज के प्रोफेसर एवं छात्र-छात्राओं का विशेष योगदान रहा। डायरेक्टर मनीषा शर्मा ने कहा, "होली खुशियों का त्योहार है, नशे का नहीं। हम निरंतर ऐसे अभियान चलाते रहेंगे।"
अधिक जानकारी के लिए संपर्क: 9876543210