Mahasamund news : ओडिशा–यूपी मार्ग पर गांजा तस्करी का भंडाफोड़: केले की आड़ में 9 क्विंटल माल जब्त, 4.56 करोड़ की खेप, चालक गिरफ्तार

संक्षेप

अंतर्राज्यीय गांजा नेटवर्क का खुलासा: महासमुंद पुलिस ने केले की आड़ में 9 क्विंटल गांजा जब्त किया, चालक गिरफ्तार

Mahasamund news : ओडिशा–यूपी मार्ग पर गांजा तस्करी का भंडाफोड़: केले की आड़ में 9 क्विंटल माल जब्त, 4.56 करोड़ की खेप, चालक गिरफ्तार

विस्तृत खबरें

न्यूज रुटीन @ महासमुंद जिले की बसना थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने करीब 912.760 किलोग्राम (लगभग 9 क्विंटल) गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपए आंकी गई है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। 



केले की आड़ में छिपाकर ले जाया जा रहा था गांजा
तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था। गांजे को 29 बोरियों में भरकर वाहन में लदे केले के बीच छिपाया गया था, ताकि पहली नजर में यह सामान्य फल परिवहन का मामला लगे। इतना ही नहीं, पहचान छिपाने के लिए वाहन में फर्जी नंबर प्लेट भी लगाई गई थी।


पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक संदिग्ध वाहन आईशर प्रो 2059 (क्रमांक AP 39 TT 4556) पलसापाली बैरियर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर वाहन को रोका और सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान केले के नीचे छिपाकर रखी गई गांजे की बोरियां बरामद की गईं।

झारखंड का चालक गिरफ्तार, यूपी में होनी थी सप्लाई
मामले में वाहन चालक अब्दुल नईम (42 वर्ष), निवासी मानगो, जमशेदपुर (जिला पूर्वी सिंहभूम, झारखंड) को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि गांजा ओडिशा से लोड कर उत्तर प्रदेश में सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके आर्थिक लेन-देन की कड़ियों की जांच कर रही है।


केले की आड़ मे छिपाकर ले जाया जा रहा था गांजा
जब्त सामग्री और दर्ज धाराएं
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 912.760 किलोग्राम गांजा (कीमत 4,56,38,000 रुपए), एक आईशर प्रो 2059 वाहन (लगभग 10 लाख रुपए), दो मोबाइल फोन (करीब 7 हजार रुपए) तथा ओडिशा और उत्तर प्रदेश के नंबरों वाली चार फर्जी नंबर प्लेट जब्त की हैं।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के साथ ही भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(2), 338 और 340 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया जा रहा है।

तीन माह में 72 मामले, 187 गिरफ्तार
महासमुंद की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि जिले में पिछले तीन महीनों के दौरान गांजा तस्करी के 72 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में कुल 5629.602 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया और 187 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 52 छत्तीसगढ़ और 135 अन्य राज्यों के हैं।

उन्होंने बताया कि तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन मुखबिर तंत्र और सतर्क निगरानी के चलते लगातार कार्रवाई की जा रही है और इस तरह के नेटवर्क पर कड़ी नजर रखी जा रही है।