न्यूज रुटीन @ जगदलपुर 2 सितम्बर 2025/ कलेक्टर श्री हरिस एस ने कहा कि जिले के अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों के मकान क्षति और अन्य क्षति का मुआवजा हेतु तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करें। साथ ही इन क्षेत्रों में मलेरिया, डायरिया जैसे बीमारियों के रोकथाम हेतु स्वास्थ्य शिविर का लगातार आयोजन करें और बीमारियों के प्रति जागरूकता अभियान भी करते रहें। कलेक्टर श्री हरिस मंगलवार को कलेक्टोरेट में आयोजित समय सीमा की बैठक के दौरान लोहंडीगुड़ा, बास्तानार, तोकापाल, दरभा, बकावंड क्षेत्र के बाढ़ प्रभावितों का सर्वे की स्थिति और मुआवजा वितरण कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में सोलर पंप का सुधार हेतु पंचनामा के आधार पर क्रेडा विभाग को क्लेम हेतु प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मौसम विभाग द्वारा मंगलवार को जारी रेडअलर्ट को मद्देनजर रखते हुए सतर्कता बनाए रखने सहित तेज बहाव वाले नदी-नालों के सड़क के समीप वाले ग्राम पंचायतों को आवाजाही को नियंत्रित करने की पहल करने के लिए भी कहा।
कलेक्टर ने बैठक में नियद नेल्लानार योजना के तहत हाऊस होल्ड के आधार पर योजनाओं के हितग्राहियों का संबंधित विभागों को लंबित डाटा एंट्री को जल्द पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल के एक माह से अधिक लंबित प्रकरणों पर चर्चा कर संबंधित विभागों को निराकृत करने के लिए कहा गया।उन्होंने विभागीय योजनाओं की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण)की प्रगति के चर्चा के दौरान सितम्बर माह तक निर्धारित लक्ष्य के मकानों का निर्माण में प्रगति लाए जाने के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत कचरा कलेक्शन, पर्यटन स्थल पर प्लास्टिक का उपयोग को रोकने की गतिविधी का संज्ञान लिया। एनआरएलएम के तहत समूहों को ऋण सुविधा की स्थिति की समीक्षा की गई, ऋण के प्रकरण बैंक में जमा होने के उपरांत तीन दिन में कार्यवाही सुनिश्चित किया जाए। मनरेगा के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली और निर्माण कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। मनरेगा के तहत आंगनबाड़ी भवन और पीडीएस दुकान निर्माण की भौतिक प्रगति का संज्ञान लिया। जिला खनिज न्यास संस्थान की मद से स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति की स्थिति की समीक्षा किया गया। मुख्यमंत्री अधोसंरचना संधारण एवं उन्नयन प्राधिकरण योजना अंतर्गत स्वीकृत कार्यो और अधोसंरचना विकास एवं पर्यावरण उपकर निधि अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की भौतिक प्रगति की जानकारी ली गई ।
कलेक्टर ने एग्रीस्टैक में किसानों की पंजीयन की स्थिति का सभी अनुभाग से चर्चा किया और अधिकारियों को निर्देशित किए कि यथासंभव किसानों को प्रेरित कर पंजीयन कार्य सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा अटल मॉनिटरिंग पोर्टल में विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और पोर्टल में रैंकिंग में गिरावट के लिए एंट्री की जानकारी अपडेट करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत आधार सीडिंग की प्रगति, कृषि, उद्यानिकी मछली पालन, पशुधन विकास के किसान क्रेडिट कार्ड की स्थिति का संज्ञान लिया गया। शिक्षा विभाग से उल्लास पोर्टल में एंट्री, मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन ने कहा कि जाति प्रमाण पत्र निर्माण उपरांत स्कूल में वितरण सुनिश्चित करवाया जाए । स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के हड़ताल की स्थिति में किसी भी स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं बाधित नहीं होना चाहिए । इसके साथ ही जल जीवन मिशन के कार्य की प्रगति की समीक्षा किया । इस अवसर पर वन मंडलाधिकारी श्री उत्तम गुप्ता, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, आयुक्त नगर निगम श्री प्रवीण वर्मा, सहायक कलेक्टर श्री विपिन दुबे सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे ।