जिला भाजपा कार्यालय बालोद में मनाया गया
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस
न्यूज रुटीन @ बालोद — भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय, बालोद में भारतीय जनसंघ के संस्थापक व प्रखर राष्ट्रवादी तथा महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ बलिदान दिवस के रूप में मनाई गई। आयोजन के दौरान आयोजित श्रद्धांजलि संगोष्ठी में उपस्थित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने Dr. मुखर्जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्णकांत पावर ने डॉ. मुखर्जी के जीवन और योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की चेतना जगाने वाले महान राष्ट्रनिर्माता थे। भारतीय जनसंघ की स्थापना कर उन्होंने राष्ट्रीय अखंडता और एकता बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्हें प्रख्यात शिक्षाविद्, कुशल प्रशासक, दूरदर्शी राजनेता और आजीवन राष्ट्रभक्त करार दिया गया।
जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव ने बताया कि डॉ. मुखर्जी का जन्म सर आशुतोष मुखर्जी के परिवार में हुआ था और केवल 33 वर्ष की आयु में वे कोलकाता विश्वविद्यालय के सबसे युवा कुलपति बने। स्वतंत्र भारत में उन्होंने उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में भी सेवा की, परन्तु राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए उन्होंने मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर भारतीय जनसंघ की स्थापना की। देश के विभाजन के समय पश्चिम बंगाल और पंजाब के महत्वपूर्ण हिस्सों को भारत में बनाए रखने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। उन्होंने कश्मीर में पृथक व्यवस्था का विरोध करते हुए "एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे" का उद्घोष किया और राष्ट्र की एकता के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। राकेश यादव ने यह भी कहा कि 5 अगस्त 2019 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 हटाकर उनके आदर्शों की एक महत्त्वपूर्ण प्राप्ति हुई।
जिला उपाध्यक्ष पवन सोनबरसा ने कहा कि अल्पायु में ही डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्र को नई दिशा दी और अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित कर दिया। उनके विचार और चिंतन सदैव देशवासियों और कार्यकर्ताओं के प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे।
जिला प्रवक्ता जितेंद्र साहू ने उद्धरण देते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के शब्दों में व्यक्ति की महानता उसकी आयु से नहीं, बल्कि उसके विचारों से मापी जाती है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार आज भी करोड़ों कार्यकर्ताओं और अनेक राष्ट्रवादी संगठनों को प्रेरित कर रहे हैं।
इस अवसर पर भाजयुमो जिला अध्यक्ष गुलशन साहू और अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष टी.आर. डहरे ने भी उनके जीवन और राष्ट्रहित के कार्यों को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम में जिला मंत्री प्रेम साहू, कृष्ण ठाकुर, जुंगेरा मंडल अध्यक्ष अरुण साहू, संजय साहू, विनोद जैन, नरेंद्र सोनवानी, लक्ष्मी साहू, चित्रसेन साहू, बीरेन्द्र साहू, दुर्जन साहू, संजय दुबे सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।