न्यूज रूटीन @ सारंगढ़। सड़क सुरक्षा नियमों की खुलेआम अनदेखी करते हुए सारंगढ़ एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में डबल कैजव्हील (डबल पहिया) ट्रैक्टरों का संचालन धड़ल्ले से जारी है। प्रशासन की ओर से समय-समय पर प्रतिबंध और चेतावनी जारी किए जाने के बावजूद इन ट्रैक्टरों का संचालन नहीं थम रहा है। परिणामस्वरूप ग्रामीण सड़कें तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही हैं और आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र में जहां-जहां नहर परियोजनाओं का कार्य चल रहा है अथवा सिंचाई नहरों का जाल बिछा है, वहां डबल कैजव्हील ट्रैक्टरों की आवाजाही अधिक देखने को मिल रही है। भारी वजन और विशेष प्रकार के पहियों के कारण ग्रामीण सड़कों की सतह उखड़ रही है। वहीं बारिश के मौसम में सड़कें कीचड़ से पट जाती हैं, जिससे पैदल राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और अन्य वाहन चालकों के लिए सफर जोखिम भरा बन जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन समय-समय पर डबल कैजव्हील ट्रैक्टरों के संचालन पर रोक लगाने और नियमों के पालन को लेकर चेतावनी जारी करता है, लेकिन प्रभावी निगरानी और नियमित कार्रवाई के अभाव में इन निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है। इससे नियमों का उल्लंघन लगातार जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन नियमित जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले ट्रैक्टर संचालकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करे, तो इस समस्या पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। लोगों ने सड़क सुरक्षा, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।