Sarangarh News : सारंगढ़ में पत्रकार पर जानलेवा हमला: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

संक्षेप

सारंगढ़ में पत्रकार पर जानलेवा हमला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Sarangarh News : सारंगढ़ में पत्रकार पर जानलेवा हमला: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

विस्तृत खबरें

न्यूज रूटीन @ सारंगढ़। शहर में एक पत्रकार पर कथित जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना के विरोध में सारंगढ़ प्रेस क्लब ने आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदर्श पेट्रोल पंप के पास कुछ युवक एक ट्रक चालक के साथ मारपीट कर रहे थे। उसी दौरान वहां से गुजर रहे पत्रकार रवि तिवारी एवं उनके साथी किशन गुप्ता ने बीच-बचाव करते हुए विवाद शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान ट्रक चालक को छोड़कर हमलावरों ने पत्रकार और उनके साथी पर हमला कर दिया।
शिकायत के अनुसार, हमलावरों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया और चाकू, लकड़ी के डंडे, बेल्ट सहित अन्य हथियारों से हमला किया। आरोप है कि इस दौरान पत्रकार रवि तिवारी पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनकी आंख में गंभीर चोट आई और उन्हें पांच टांके लगाने पड़े। वहीं, उनके साथी किशन गुप्ता को भी हाथ-पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
पीड़ित पत्रकार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत मुख्य आरोपी सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
प्रेस क्लब ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही सारंगढ़ प्रेस क्लब की आपात बैठक बुलाई गई। बैठक के बाद पत्रकारों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। घटना के बाद पत्रकारों और स्थानीय नागरिकों में रोष व्याप्त है।