Sarangarh News : बिलाईगढ़ CMO सुशील चौधरी को मिली क्लीन चिट: महिला आयोग और प्रशासनिक जांच में शिकायतें निराधार

संक्षेप

बिलाईगढ़ CMO को क्लीन चिट, शिकायतें निराधार

Sarangarh News : बिलाईगढ़ CMO सुशील चौधरी को मिली क्लीन चिट: महिला आयोग और प्रशासनिक जांच में शिकायतें निराधार

विस्तृत खबरें

न्यूज रुटीन @ सारंगढ़-बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) सुशील चौधरी के खिलाफ लगाए गए उत्पीड़न एवं अभद्रता के आरोप प्रशासनिक जांच और छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सुनवाई में निराधार पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर महिला आयोग ने शिकायत प्रकरण को नस्तीबद्ध कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत में कार्यरत प्रेरणा स्वच्छता समूह की कुछ महिला कर्मचारियों ने सीएमओ सुशील चौधरी के विरुद्ध उत्पीड़न और अभद्र व्यवहार की शिकायत की थी। मामले की जांच एसडीएम बिलाईगढ़ सहित प्रशासनिक स्तर पर कराई गई, जिसमें शिकायतों के समर्थन में पर्याप्त साक्ष्य नहीं पाए गए।
जांच रिपोर्ट में क्या सामने आया
एसडीएम बिलाईगढ़ की जांच रिपोर्ट (पत्र क्रमांक 339/अ.वि.अ./वा-2/2025) के अनुसार, संबंधित स्वच्छता समूह के कार्य में लगातार अनुशासनहीनता और कार्य में लापरवाही की शिकायतें सामने आई थीं। रिपोर्ट में उल्लेख है कि राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (NGT) के दिशा-निर्देशों के पालन में भी अनियमितताएं पाई गईं तथा कई बार समझाइश देने के बावजूद कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत सरकार के स्वच्छ सर्वेक्षण से कुछ दिन पूर्व संबंधित समूह द्वारा बिना पूर्व सूचना सफाई कार्य बंद कर दिया गया था। शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने पर नगर पंचायत प्रशासन ने 5 मार्च 2025 को नियमानुसार सूचना जारी कर संबंधित समूह को अनुबंधित कार्य से पृथक करते हुए नए समूह 'जय मां समलाई' को कार्यभार सौंप दिया।
शिकायत के समय को लेकर भी उठे सवाल
जांच में यह भी उल्लेख किया गया कि कार्य से पृथक किए जाने के लगभग सात दिन बाद शिकायत दर्ज कराई गई। प्रशासनिक जांच में शिकायत को निष्कासित कार्य पुनः प्राप्त करने के उद्देश्य से दबाव बनाने का प्रयास बताया गया है।
मिशन क्लीन सिटी के जिला समन्वयक Arms नायक तथा सफाई दरोगा बहादुर कहार के बयान भी जांच का हिस्सा बने, जिनमें कार्यस्थल पर किसी प्रकार के अभद्र व्यवहार की पुष्टि नहीं हुई।
महिला आयोग ने भी माना आरोप निराधार
छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग में मामले की सुनवाई के दौरान प्रशासनिक जांच रिपोर्ट का परीक्षण किया गया। आयोग की अध्यक्ष श्रीमती किरणमयी नायक के समक्ष हुई सुनवाई के बाद आयोग ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि कलेक्टर एवं एसडीएम की जांच रिपोर्ट के आधार पर सीएमओ के विरुद्ध लगाए गए आरोप निराधार एवं असत्य पाए गए।
आयोग ने यह भी उल्लेख किया कि शिकायतें बार-बार की जा रही थीं तथा उपलब्ध तथ्यों के आधार पर प्रकरण को नस्तीबद्ध (बंद) किया जाता है।
प्रशासनिक कार्रवाई पर लगी मुहर
प्रकरण के निस्तारण के बाद बिलाईगढ़ नगर पंचायत में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशासनिक जांच और महिला आयोग के निर्णय के बाद सीएमओ सुशील चौधरी को राहत मिली है तथा शिकायत प्रकरण आधिकारिक रूप से समाप्त कर दिया गया है।