न्यूज रुटीन @ रायपुर, 22 जून। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य प्रशासनिक सेवा के कनिष्ठ श्रेणी के 12 तहसीलदारों को पदोन्नति प्रदान करते हुए डिप्टी कलेक्टर के पद पर नियुक्त किया है। मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से जारी आदेश के अनुसार पदोन्नत अधिकारियों को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से नवीन पदस्थापना वाले जिलों में अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक पदस्थ किया गया है।
जारी आदेश के तहत महासमुंद, बिलासपुर, रायगढ़, धमतरी, बालोद सहित विभिन्न जिलों में पदस्थ तहसीलदारों को डिप्टी कलेक्टर बनाया गया है। पदोन्नत अधिकारियों में भवानी शंकर साव को बिलासपुर, मुकेश कुमार बजाज को धमतरी, सालीक राम गुप्ता को बिलासपुर, कृष्ण कुमार साहू को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, रिचा सिंह को जांजगीर-चांपा तथा शिल्पा भगत को रायगढ़ जिले में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा अन्य अधिकारियों को भी विभिन्न जिलों में पदस्थ किया गया है।
शासन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि यह पदस्थापना तीन वर्ष की स्थानापन्न अवधि के लिए प्रभावी रहेगी। साथ ही पदोन्नत अधिकारियों की सेवाएं छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा (वर्गीकरण, भर्ती तथा सेवा की शर्तें) नियम, 2023 के प्रावधानों के अंतर्गत नियंत्रित होंगी।
इस पदोन्नति एवं नई पदस्थापनाओं को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आदेश जारी होने के बाद प्रशासनिक हलकों में इसे राज्य प्रशासनिक व्यवस्था में एक अहम बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।